news-details

कृषि मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, राहत सामग्री बांटी

You can share this post!

 

राशन कार्ड की बाध्यता नहीं, हर प्रभावित परिवार तक पहुंचेगी मदद; किसानों को बीज पर मिलेगा 50% अनुदान

तमकुहीराज, कुशीनगर।  बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रकवा जंगली पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी प्रभावित परिवार राहत सामग्री से वंचित न रहने पाए। कृषि मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राहत वितरण में राशन कार्ड की बाध्यता नहीं होगी। बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को बिना किसी भेदभाव के राहत सामग्री और आवश्यक खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से राहत वितरण की लगातार निगरानी करने को कहा।मंत्री ने कहा कि अचानक हुई भारी बारिश और नेपाल से छोड़े गए करीब साढ़े छह लाख क्यूसेक पानी के दबाव के कारण एपी तटबंध क्षतिग्रस्त हुआ, जिससे क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना के तत्काल बाद राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए तथा स्वयं प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बड़ी आपदा के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि नहीं होना राहत की बात है।

किसानों को बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान
कृषि मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए राहत की घोषणा करते हुए कहा कि मसूर, राई, चना, मटर और गेहूं सहित अन्य फसलों के बीज के लिए किसान ऑनलाइन आवेदन करें। पात्र किसानों को बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। बाढ़ से फसलों और कृषि संसाधनों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।इसके बाद मंत्री विकासखंड सेवरही के बाढ़ प्रभावित जंगली पट्टी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत किट वितरित की। ग्रामीणों ने बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी दी। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को शासन स्तर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों और दिव्यांगजनों को मिला लाभ
जमाई मलाही में बाल सेवा योजना/स्पॉन्सरशिप योजना के तहत चिन्हित तीन बच्चों—सुहानी, मुन्नी और रूपा—को प्रमाणपत्र एवं फल की टोकरी प्रदान की गई। वहीं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से जलेश्वर प्रसाद को व्हीलचेयर तथा संतोष कुमार, दिनेश और सुनीता देवी को ट्राई साइकिल प्रदान की गई।मंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का काम भी कर रही है। नुकसान का आकलन कराकर नियमानुसार सहायता दी जाएगी।इस दौरान सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार राय, एडीएम वित्त एवं राजस्व पवन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम व तहसीलदार तमकुहीराज, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, शैलेन्द्र कुमार गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, नलिन सिंह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।