
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। त्योहारों पर पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के उद्देश्य से नमामि गंगे की ओर से बुधवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में कपड़े के थैले वितरित किए गए। अभियान के जरिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।अभियान का उद्देश्य काशी विश्वनाथ धाम को पॉलिथीन मुक्त बनाने के साथ गंगा को प्रदूषण से बचाना रहा। नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई। लोगों से प्लास्टिक की थैलियों, बोतलों और बर्तनों के स्थान पर कपड़े या जूट के थैले, बांस की डलिया और स्टील के बर्तनों का उपयोग करने की अपील की गई।नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ रखने के लिए जनसहभागिता जरूरी है। सिंगल यूज पॉलिथीन का इस्तेमाल छोड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी सच्ची पूजा है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मौजूद रहे।