
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेन्द्र कुमार मिश्र ने मंगलवार को भादर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से 9 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचने की अपील की। उन्होंने मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। धोएं में हुई बैठक में जितेन्द्र मिश्र ने बसपा की नीति ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ बताते हुए कहा कि पार्टी कानून का राज और संविधान सम्मत शासन के जरिए सर्वसमाज के हितों की बात करती है। उन्होंने सपा और भाजपा पर निशाना साधते हुए महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर जनता में नाराजगी का दावा किया। उन्होंने कहा कि लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों की हड़ताल से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र तथा वरासत संबंधी कार्य प्रभावित हैं। टीकरमाफी क्षेत्र के कई गांवों में घर-घर संपर्क कर भी लखनऊ पहुंचने की अपील की गई। इस दौरान राज पाल, लक्ष्मण प्रसाद, संतोष दुबे, संतोष कुमार, अशोक भारती और राज कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।