
पारदर्शी विकास न्यूज़ बाराबंकी। नौ अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बहुजन समाज पार्टी की हैदरगढ़ विधानसभा की बैठक हुई। इसमें सभी बूथों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लखनऊ ले जाने की कार्ययोजना बनाई गई। मुख्य अतिथि मंडल प्रभारी अजय कुमार गौतम ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बहुजन समाज को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मताधिकार की ताकत का एहसास कराया और उनके विचारों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से बसपा की स्थापना की। जिलाध्यक्ष तुलसी प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ से समर्थकों को कार्यक्रम में पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि पर कार्यकर्ता 2027 में मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेंगे। बैठक को सामाजिक भाईचारा कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद गौतम ने भी संबोधित किया।