
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मानसून के बाद जलभराव और मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए गुरुवार को रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल में संचारी रोग अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सुबह 10:30 बजे फीता काटकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद अस्पताल परिसर में सफाई अभियान चलाया गया।डीएम ने बताया कि एक से 30 अक्टूबर तक संचारी रोग अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 12 अक्टूबर से दस्तक अभियान शुरू होगा। जलभराव वाले क्षेत्रों और पिछले वर्ष डेंगू के मरीज मिलने वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मच्छरों के प्रजनन और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सक्रिय रहेंगी।डीएम ने कांशीराम अस्पताल की पीआईसीयू बिल्डिंग का जल्द निरीक्षण करने और इसे शुरू कराने के प्रयास की बात कही। उन्होंने अस्पताल में न्यूरो सर्जन की कमी दूर करने के लिए जल्द तैनाती का आश्वासन भी दिया, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।अस्पताल परिसर में जलभराव की समस्या के समाधान का भी आश्वासन दिया गया। डीएम ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई और जलभराव से जुड़ी समस्याओं को दूर कराया जाएगा।इस दौरान सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी, सीएमएस डॉ. पीयूष मिश्रा, एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
