news-details

कुशीनगर पहुंचे राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, बुद्ध स्थली में किया पूजन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर।

उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा मंगलवार को कुशीनगर पहुंचे। उन्होंने बुद्ध स्थली में तथागत बुद्ध का पूजन-अर्चन कर चीवर चढ़ाया और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की।इसके बाद होटल पथिक निवास में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, विधायक पीएन पाठक, विधायक मोहन वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर तेजी से आगे बढ़ रही है।उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ प्रदेश में फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार युवाओं और महिलाओं को उद्यमी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रदेश का युवा अब रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बन रहा है।राज्यमंत्री ने विश्वकर्मा समाज से एकजुट होकर भाजपा को मजबूत करने और सरकार बनाने में सहयोग का आह्वान किया। इसके बाद वह कसया नगर स्थित विश्वकर्मा मंदिर पहुंचे, जहां भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन किया।उन्होंने नगर में निर्माणाधीन औद्योगिक भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखी। अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराया जाए।सुभाष नगर वार्ड में विश्वकर्मा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती विश्वकर्मा और जिलाध्यक्ष छोटेलाल वर्मा समेत समाज के लोगों ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। माल्यार्पण के साथ उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किया गया।सिसवा-महंथ में जितेंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में भी राज्यमंत्री का स्वागत हुआ। यहां उन्होंने एक औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया। कार्यक्रमों के दौरान विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।