कुशीनगर में सपा का प्रदर्शन
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दौरान नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जिलाध्यक्ष रामअवध यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रविंद्रनगर धूस स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” का नारा लगाया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका। सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र में उसका महत्वपूर्ण अधिकार है और पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटना उसके मतदान अधिकार को प्रभावित करता है। पार्टी ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।सपा की ओर से राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कराने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुनिश्चित करने की मांग की गई। नेताओं ने कथित “वोट चोरी” के मामले में कार्रवाई और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग भी उठाई।जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह, शाहिद लारी, विक्रमा यादव, राजेश राव उर्फ बंटी, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया।