
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को कुशीनगर में मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पवन कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में पुलिसकर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और महिला सफाई कर्मचारियों समेत करीब 400 लोगों ने प्रतिभाग किया।11 अक्टूबर 2026 को प्रोबेशन विभाग, शिक्षा विभाग, नगरीय निकाय और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पैदल मार्च कलेक्ट्रेट से शुरू हुआ। इसके बाद रैली कलेक्ट्रेट तिराहा, रविंद्रनाथ टैगोर चौराहा और पडरौना रोड होते हुए आरटीओ कार्यालय तक पहुंची। यहां से वापस लौटकर रैली का समापन कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ।महिला सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए निकाली गई इस रैली में करीब 100 महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विभिन्न विद्यालयों के 150 छात्र-छात्राएं और लगभग 50 महिला सफाई कर्मचारी शामिल हुईं। प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, यातायात निरीक्षक, प्रभारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेमिशन शक्ति फेज-6.0 के शुभारंभ के साथ महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों की सहभागिता देखने को मिली। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।