कुशीनगर में 40 लाख की अफीम बरामद
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना कसया पुलिस और एएनटीएफ यूनिट बाराबंकी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने कसया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नेपाल निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6.900 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेषनाथ साहनी उर्फ बद्रीनाथ पुत्र विनोद साहनी, निवासी ग्राम रामनगर, थाना मिम्रौनगढ, जनपद बारा, नेपाल के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के पास से अफीम के अलावा एक कीपैड मोबाइल फोन, 200 रुपये नकद और नेपाल की भंसार नकदी रसीद भी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर थाना कसया में मु0अ0सं0 0552/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।