
अमेठी। सोमवार को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे ब्रह्मा प्रसाद प्रजापति के परिवार की आर्थिक परेशानी को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने मदद का हाथ बढ़ाया। सोमवार को रायपुर फुलवारी स्थित अपने कार्यालय में उन्होंने ब्रह्मा प्रसाद की पत्नी आशा देवी से मुलाकात कर इलाज के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।मुलाकात के दौरान आशा देवी ने बताया कि उनके पति कैंसर से पीड़ित हैं और लंबे समय से इलाज चल रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के सामने उपचार का खर्च जुटाना मुश्किल हो रहा है। उनकी समस्या सुनने के बाद राजेश अग्रहरि ने तत्काल आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया।जिला पंचायत अध्यक्ष ने आशा देवी को आयुष्मान कार्ड बनवाने में भी सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारी से बातचीत कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि परिवार को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।राजेश अग्रहरि ने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिवार को इलाज के दौरान हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।