
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की ओर से शनिवार को मोतीझील स्थित कारगिल पार्क में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनके अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर और कैंडल जलाकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने से हुई। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने "भारत माता की जय" के उद्घोष के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और उनकी शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
इसी क्रम में भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित बगिया क्रॉसिंग निवासी कारगिल युद्ध के वीर पूर्व सैनिक अजीत सिंह के आवास पहुंचे और उन्हें माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अजीत सिंह ने कारगिल युद्ध के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अदम्य साहस का परिचय देते हुए मोर्चे पर डटे रहकर देश की सेवा की थी।
मोतीझील कारगिल पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को महापौर प्रमिला पांडे, एमएलसी अरुण पाठक, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सेना का शौर्य, साहस और बलिदान देश के लिए सदैव गौरव का विषय रहेगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिले के सभी मंडलों में मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र में निवास करने वाले पूर्व सैनिकों और वीर जवानों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया तथा उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, अनुराग शर्मा, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, वात्सेय त्रिपाठी, प्रशांत त्रिपाठी, रीता पासवान, मीनाक्षी गुप्ता, सोनू राठौर, कौशलेंद्र सिंह परिहार, सुरेश गुप्ता, पार्षद आलोक पांडे, विकास जायसवाल, अजय राय, स्पर्श कटियार, जिशान अहमद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।