
मंडलायुक्त ने कसी तैयारियों की कमान
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के आगामी मुकाबलों को लेकर मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने संबंधित विभागों और लीग पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। ग्रीन पार्क स्टेडियम में 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें फाइनल भी शामिल है।मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों, दर्शकों और शहर में आने वाले अतिथियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। नगर निगम को स्टेडियम और आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, सीवर-नालियों की सफाई कराने और कूड़ा जमा न होने देने को कहा गया। बंदरों और आवारा कुत्तों से बचाव की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।केस्को को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था और मोबाइल ट्रांसफार्मर तैयार रखने के निर्देश दिए गए। वन विभाग स्टेडियम के आसपास पेड़ों और झाड़ियों की छंटाई करेगा।पुलिस और यातायात विभाग को प्रभावी ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश मिले। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस व प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन विभाग को फायर सेफ्टी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, डॉ. संजय कपूर, प्रेम मनोहर गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।