
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मुक्ता देवी मंदिर में एक नाबालिग लड़की का विवाह पुलिस और प्रशासन की तत्परता से रोक दिया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सूचना मिलने के बाद पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार, भोगनीपुर थाना क्षेत्र के भज्जापुर गांव की 17 वर्षीय किशोरी की शादी परमूवन पुरवा निवासी 25 वर्षीय युवक से तय की गई थी। विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान भी शुरू हो गए थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।टीम ने दस्तावेजों की जांच की, जिसमें लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विवाह की प्रक्रिया को तत्काल रोक दिया गया। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू कर चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर को सौंप दिया।थाना प्रभारी रीना गौतम के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित पक्षों को बाल विवाह निषेध कानून के प्रावधानों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।फिलहाल चाइल्ड हेल्पलाइन की रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।