
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 के सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन का तीन दिवसीय सुरक्षा निरीक्षण सोमवार को पूरा हो गया। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (CMRS) नीलाभ्र सेनगुप्ता ने पांच सदस्यीय टीम के साथ पूरे सेक्शन का अंतिम निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने सेंट्रल से नौबस्ता के बीच अप और डाउन दोनों लाइनों की जांच की। मोटर ट्रॉली के जरिए ट्रैक का परीक्षण किया गया और सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल सिस्टम सहित सभी तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के बाद सीएमआरएस टीम दिल्ली लौट गई।अब इस रूट पर मेट्रो ट्रेनों का नियमित संचालन जारी रहेगा, हालांकि यात्रियों के लिए सेवा प्रधानमंत्री के औपचारिक उद्घाटन के बाद शुरू की जाएगी।यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों के अनुसार सभी सातों स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है। स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी, ताकि कोई भी हिस्सा बिना निगरानी के न रहे। अंडरग्राउंड स्टेशनों पर बड़ी संख्या में कैमरे लगाए गए हैं, जबकि मेट्रो ट्रेनों में भी सुरक्षा कैमरे लगाए गए हैं।इस सेक्शन के झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन अंडरग्राउंड हैं, जबकि बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता एलिवेटेड स्टेशन हैं। सभी स्टेशनों पर एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम, मेटल डिटेक्टर और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की गई है।मेट्रो प्रशासन उद्घाटन तक ट्रायल रन जारी रखेगा, ताकि यात्री सेवा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहें।