news-details

कानपुर में रातभर हुई मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में जलभराव

You can share this post!

सड़कें धंसने और गड्ढों से बढ़ी परेशानी

 

कानपुर। गुरुवार रात करीब 11 बजे शुरू हुई तेज बारिश ने कानपुर शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। लगातार हुई बारिश के चलते वीआईपी रोड, पी-रोड, पांडव नगर, शास्त्री नगर, साकेत नगर, जूही खलवा पुल, गोविंद नगर, किदवई नगर, नौबस्ता समेत कई इलाकों में करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए।बारिश के बाद पहली ही बरसात में धंसी और क्षतिग्रस्त सड़कों की हालत और खराब हो गई। अशोक नगर, बाकरगंज और पी-रोड पर पहले से बने गड्ढे और गहरे हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद नगर निगम ने मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया है। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।लगातार हो रहे जलभराव के बाद लोगों ने नगर निगम की नाला सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहली बारिश में ही नालों की सफाई की हकीकत सामने आ गई थी और दूसरी बारिश ने शहर की तैयारियों की पोल खोल दी। कई क्षेत्रों में पानी की निकासी नहीं होने से घंटों तक जलभराव बना रहा।घाटमपुर में देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। वहीं कानपुर-सागर हाईवे पर भी यातायात सामान्य से कम दिखाई दिया।बिल्हौर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने मक्का किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसान हाईवे की सर्विस रोड पर मक्का सुखाने को मजबूर हैं, लेकिन बीच-बीच में बारिश होने से फसल सूख नहीं पा रही है। किसानों का कहना है कि लगातार नमी के कारण करीब 30 से 35 प्रतिशत तक फसल खराब हो चुकी है।बारिश के चलते जाजमऊ में नाले ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। वाजिदपुर से बीमा चौराहे जाने वाली सड़क पर भी पानी भर गया। ककवन रोड स्थित पुरानी पुलिस चौकी के बाहर जलभराव और कूड़े के ढेर के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए भी कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।