
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर में जरीब चौकी रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण का भूमि पूजन शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने किया। इस मौके पर विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु भी मौजूद रहे और शहर में विकास कार्य के लिए प्रार्थना की गई।हालांकि, हीरागंज व्यापार मंडल के व्यापारियों ने पुल की मौजूदा डिजाइन पर आपत्ति जताई है। व्यापारियों का कहना है कि प्रस्तावित निर्माण के दौरान बाजार की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो जाएगा, जिससे करीब 250 दुकानों का कारोबार प्रभावित होगा।व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराया और शटरों पर पोस्टर लगाए, जिनमें पुल की डिजाइन बदलने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यदि निर्माण पुराने स्वीकृत नक्शे के अनुसार नहीं हुआ तो उनका व्यवसाय गंभीर रूप से प्रभावित होगा।सेतु निगम के अनुसार, 320 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस चार लेन ROB में चार रैंप प्रस्तावित हैं, जो जीटी रोड, कालपी रोड और घंटाघर की ओर कनेक्ट करेंगे।व्यापार मंडल का कहना है कि वे पुल निर्माण के विरोध में नहीं हैं, लेकिन डिजाइन में बदलाव की मांग इसलिए कर रहे हैं ताकि बाजार और दुकानों का रास्ता बाधित न हो।इधर, प्रशासन ने भूमि पूजन के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया, जिससे कुछ क्षेत्रों में अस्थायी रूप से यातायात प्रभावित रहा।