
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर बुधवार रात शहर के चारों जोन में हुक्का बार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस ने 265 होटल, रेस्टोरेंट और कैफे की जांच की। इस दौरान पांच कैफे में हुक्का बार संचालित होते मिले। पुलिस ने 25 लोगों को हिरासत में लिया और पांच संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।चकेरी के मंगला विहार स्थित द सोशल लाइफ कैफे में पुलिस को 11वीं का छात्र तौसीफ हुक्का बार चलाते मिला। इसके अलावा चकेरी, हनुमंत विहार, कोहना, स्वरूप नगर और पनकी थाना क्षेत्रों के पांच कैफे में हुक्का बार संचालित मिलने पर कार्रवाई की गई।अभियान के तहत पूर्वी जोन में 65, पश्चिमी जोन में 66, सेंट्रल जोन में 55 और दक्षिणी जोन में 79 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। पुलिस टीमों ने हुक्का चलाने के उपकरण, फ्लेवर और अन्य सामग्री की जांच के साथ अग्निशमन उपकरण, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। संचालकों को बिना लाइसेंस हुक्का बार नहीं चलाने की चेतावनी दी गई।एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पांच कैफे में हुक्का बार संचालित मिलने पर कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि शहर में हुक्का बार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।