
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जनपद में मंगलवार को 256 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने 30 कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। घाटमपुर, बिल्हौर, नर्वल तहसील और कल्याणपुर विकासखंड में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम में अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणाओं के अनुसार कानपुर की 4,104 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बढ़े मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। कार्यकत्रियों का मानदेय 12 हजार और सहायिकाओं का छह हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। दोनों को सालाना पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन तथा तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये की धनराशि भी दी जाएगी।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बिधनू की आशा देवी व चन्द्रवती देवी, शहर प्रथम की अन्नू, वंदना साहू व वंदना सविता तथा शहर द्वितीय की शांति और पार्वती देवी शामिल हैं।इसके अलावा नवजात बालिकाओं को पोषण किट, बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई।:::