
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने रविवार को वार्ड नंबर-20 स्थित मोहल्ला सेढ़ू तलैया और बसंत नगर का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने जलभराव, कच्ची गलियों, नालियों के अभाव और बढ़ती बीमारियों की समस्या से उन्हें अवगत कराया।निरीक्षण के दौरान राजेश दीक्षित ने कहा कि बारिश के समय क्षेत्र में जलभराव के कारण लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है और कई घरों में पानी भर जाता है। कच्ची गलियों में कीचड़ होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में आरसीसी सड़क और नालियों के निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जलभराव और गंदगी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित इलाके में चिकित्सा टीम भेजकर लोगों की जांच और उपचार कराने की मांग की। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।दौरे के बाद राजेश दीक्षित ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेन्द्र द्विवेदी के पिता एवं अवधेश कपूर की पत्नी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं सड़क दुर्घटना में घायल हुए दिनेश कुमार शुक्ला का भी हालचाल जाना।इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान, बी. लाल भाई, संतोष कुमार द्विवेदी, आरिफ निजामी, लालबाबू राजपूत सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।