
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 10 सितंबर को मोतीझील स्थित कारगिल पार्क में प्रतिष्ठान द कैफे पाई का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। डीप फ्रीजर के कोनों में धूल, सब्जियों के छिलके, सॉस और मेयोनीज के अवशेष पाए गए। फर्श और दीवारों पर धूल व चिकनाई जमा मिली, जबकि एग्जॉस्ट फैन पर भी तेल और धूल की मोटी परत पाई गई।
निरीक्षण के दौरान किचन परिसर में जगह-जगह चूहे के बिल मिले। कीड़े-मकोड़ों और चूहों की रोकथाम के लिए पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा किचन की सफाई का रिकॉर्ड, खाद्य निर्माण में लगे कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और शेफ का हाइजीन संबंधी प्रमाण पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं कराया गया।
टीम ने यह भी पाया कि खाद्य निर्माण में लगे कर्मचारी ग्लव्स और हेड कवर का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। निरीक्षण के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर ग्रीन चिली सॉस और सॉस के नमूने लिए गए। खाद्य विभाग ने परिसर की पूरी साफ-सफाई होने तक प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार स्थगित करा दिया है।