
pardarshi vikas news banda
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने जिले की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में दो अहम ज्ञापन सौंपे। प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने निजी स्कूलों की मनमानी और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।पहले ज्ञापन में निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों के आर्थिक शोषण का आरोप लगाया गया। जदयू ने कहा कि हर वर्ष महंगी किताबें बदलकर और यूनिफॉर्म व सामग्री को निर्धारित दुकानों से खरीदने का दबाव बनाकर अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ डाला जाता है। पार्टी ने एनसीईआरटी पुस्तकों को अनिवार्य करने और नियम उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।दूसरे ज्ञापन में हाल की ओलावृष्टि और बारिश से किसानों को हुए नुकसान पर चिंता जताई गई। पार्टी ने कहा कि फसल बर्बादी से किसान आर्थिक संकट में हैं। जदयू ने पारदर्शी सर्वे कराकर मुआवजा सीधे किसानों के खातों में भेजने, कृषि ऋण वसूली पर रोक और ब्याज माफी की मांग की।पार्टी ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।