
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी लक्ष्मी के विवाह में सहयोग कर मानवता की मिसाल पेश की। ग्राम भरसेन निवासी रामनरेश, जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, अपनी पुत्री लक्ष्मी के 7 जुलाई को होने वाले विवाह की तैयारियों को लेकर आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। परिवार की अपील पर समिति ने सहायता का हाथ बढ़ाया। रविवार को समिति की टीम लक्ष्मी के घर पहुंची, जहां "सखी ग्रुप" की महिलाओं ने तिलक, माल्यार्पण और पुष्पवर्षा कर उसका सम्मान किया। इसके बाद समिति और जनसहयोग से गेहूं का आटा, चावल, दाल, गुड़, साड़ियां, ज्वेलरी सेट, स्टील के बर्तन, बेडशीट, कुकर, ट्रॉली बैग, मिक्सी, टेबल पंखा, इलेक्ट्रिक प्रेस, श्रृंगार सामग्री सहित गृह उपयोग की अनेक आवश्यक वस्तुएं एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सहयोग पाकर परिवार के चेहरों पर खुशी लौट आई।समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि संस्था अब तक 73 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग कर चुकी है और लक्ष्मी संस्था की 74वीं बेटी है, जिसके विवाह में मदद की जा रही है। संस्था के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि जरूरतमंद बेटियों की सेवा और सहयोग का यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।