
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर के समूही भटपुरवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में जर्जर भवन की जगह नया भवन बनवाने की मांग को लेकर शनिवार को छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। जेन-अल्फा बच्चों ने कक्षाओं में जाने से इनकार कर विद्यालय के बाहर बैठकर करीब चार घंटे तक नारेबाजी की। बच्चों ने तिरंगा लेकर ‘हमारी मांगें पूरी करो’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।विद्यालय में वर्तमान में 122 छात्र-छात्राएं महज दो कमरों में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2023 में विद्यालय का जर्जर हिस्सा गिरने से एक बच्ची घायल हो गई थी। इसके बाद शिक्षा विभाग की अनुमति से जर्जर हिस्से को गिराकर उसकी नीलामी कर दी गई। तब से विद्यालय दो कमरों में ही संचालित हो रहा है।विद्यालय में प्रधानाध्यापिका प्रियंका तिवारी के अलावा दो सहायक शिक्षक और दो शिक्षामित्र तैनात हैं। आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भी अलग भवन नहीं है और उसका संचालन एक ग्रामीण के घर में किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे करीब तीन वर्षों से नए भवन की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ।शनिवार को प्रदर्शन के दौरान बारिश शुरू होने पर बच्चे घर लौट गए। सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी दीपक अवस्थी विद्यालय पहुंचे और ग्रामीणों व शिक्षकों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए केंद्र से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। प्रदेश स्तर की स्वीकृति मिलते ही प्रक्रिया पूरी कर करीब एक माह में निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।