
लखनऊ/अयोध्या | शनिवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद अयोध्या के विकासखंड बीकापुर के ग्राम खजुराहट निवासी श्रीमती अर्पिता पाण्डेय पत्नी प्रेम प्रकाश के अपने बच्चों सहित जर्जर कच्चे मकान में रहने की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी, अयोध्या से दूरभाष पर वार्ता कर परिवार को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से यह भी कहा कि परिवार की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारियों द्वारा श्रीमती अर्पिता पाण्डेय का मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत किया गया। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि श्रीमती अर्पिता पाण्डेय एवं उनके परिवार को शौचालय सहित अन्य पात्रता आधारित एवं अनुमन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाए।