
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत तहसील सदर (ग्रामीण) के प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के तीसरे तल पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशिक्षण कक्षों में पहुंचकर प्रशिक्षुओं से संवाद किया और प्रशिक्षण की प्रगति व व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य है। इसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है। इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही और प्रमाणिक होना आवश्यक है।जिलाधिकारी ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण के सभी सत्रों में गंभीरता से भाग लेने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड में जाने से पहले सभी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझ लें, ताकि त्रुटियों से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीति जैन, एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया सहित संबंधित अधिकारी और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।