news-details

जन्मदिन पर पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  कुशीनगर। पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान की ओर से चलाए जा रहे ‘पौधरोपण संग जन्मोत्सव’ अभियान के तहत बुधवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुशीनगर के अंग्रेजी विभाग की पूर्व अध्यक्ष एवं कसया स्थित नव जीवन मिशन स्कूल की संचालिका डॉ. प्रशिला सैम के जन्मदिन पर पौधे लगाए गए।इस अवसर पर डॉ. प्रशिला सैम ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर पर पौधरोपण करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक पहल है। पर्यावरण की रक्षा करना केवल किसी संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन और वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी करें।उन्होंने कहा कि पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण देने का आधार हैं। संस्था का यह अभियान लोगों को विशेष अवसरों पर पौधरोपण के लिए प्रेरित कर रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष डॉ. सीमा त्रिपाठी, उपाध्यक्ष इंद्र कुमार मिश्र, सचिव डॉ. हरिओम मिश्र, डॉ. सत्यप्रकाश, डॉ. विशेषता मिश्रा और विनीत शुक्ल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।