
समीक्षा बैठक में टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए अक्टूबर में एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाकर रोड रेस्टोरेशन के निर्देश दिए
संजीव भारती/ललित कुमार
अमेठी/लखनऊ। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत परियोजनाओं के सफल संचालन और जन-जागरूकता के लिए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल निगम के अभियंताओं को गांवों में रात्रि निवास करने और जल चौपाल लगाकर पेय जल आपूर्ति के बारे में फीड बैक प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।पाईप लाईनों के निर्माण से खराब हुई सड़कें ठीक करने के लिए अक्टूबर में एक महीने का विशेष रोड रेस्टोरेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।जल शक्ति मंत्री ने पिछले महीने गोरखपुर का दौरा किया था। दौरे के दौरान उन्होंने जल अर्पण दिवस और रात्रि जल चौपाल लगाने के निर्देश दिए थे। मुख्य अभियंता इंजीनियर वी पी सिंह पिछले दो सप्ताह से यह कार्यक्रम जारी रखे हुए हैं।उन्होंने सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न पेयजल योजनाओं की मंडलवार समीक्षा की। उन्होंने मानसून के बाद अक्टूबर से पूरे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद स्तर पर रोड रेस्टोरेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी अभियान की तैयारियां समय से पूरी कर लें।जलशक्ति मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर सड़कें खोदी गई हैं। मानसून के दौरान बारिश के कारण इन मार्गों पर आवागमन में राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग इस समस्या को लेकर गंभीर है। उन्होंने निर्देश दिया कि अक्टूबर से अभियान चलाकर खोदी गई सड़कों को दोबारा भरकर, समतल करते हुए उन्हें दुरुस्त किया जाए। उन्होंने विभिन्न जोन के अभियंताओं एवं अधीक्षण अभियंताओं से क्षेत्र भ्रमण और रात्रि प्रवास के संबंध में फीडबैक भी लिया। बैठक में AE और JE को भी रात्रि प्रवास के लिए निर्देशित किया गया। निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यकता के अनुसार मैनपावर लगाया जाए। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक श्री योगेश कुमार, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह, जेएमडी (प्रशासन) डॉ. राजेश प्रजापति, जेएमडी प्रभाष कुमार, स्टेट कोऑर्डिनेटर श्री डीके सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अमेठी जिले में लापरवाही कर रही हैं एजेंसियां
अधिशासी अभियंता इंजीनियर अनिल कुमार राव के खराब स्वास्थ्य का बेजा लाभ जिले में काम करने वाली तीन एजेंसियां ले रही हैं। परियोजनाओं का संचालन ठीक से नहीं हो रहा। कम्पनियों के जिम्मेदार अवर अभियंताओं की एक भी नहीं सुनते। सहायक अभियंता भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। जनसुनवाई ,जल अर्पण दिवस और जल चौपाल के कार्यक्रम प्रभावित हैं। जन-जागरूकता का कोई भी कार्यक्रम नहीं हो रहा है।