
विरोध पर उजाड़ा आशियाना; पुलिस ने शुरू की जांच
पारदर्शी विकास न्यूज़ सफीपुर (उन्नाव)। कोतवाली सफीपुर क्षेत्र के जामी सराय मोहल्ले में एक विवाहिता महिला ने जबरन धर्म परिवर्तन, निकाह का दबाव बनाने और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस व प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता स्थानीय सांसद की स्वजातीय बताई जा रही है। महिला द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उसने आरोप लगाया है कि तनवीर तथा राहत बेग पुत्र रऊफ बेग ने जमीन दिलाने के नाम पर उससे करीब ढाई लाख रुपये लिए। आरोप है कि बाद में दोनों व्यक्तियों ने उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसका टीनशेड से बना आशियाना तोड़ दिया गया, जिससे वह बच्चों सहित बेघर हो गई। पीड़िता ने अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताते हुए प्रशासन से तत्काल संरक्षण और कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं।मामले की जानकारी लेने के लिए हमारे संवाददाता क्षेत्राधिकारी (सीओ) सफीपुर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन व्यस्त मिला। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सफीपुर संदीप मिश्रा से बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हो चुकी है और शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रकरण की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं पीड़िता ने प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। समाचार पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध शिकायत के आधार पर प्रकाशित किया गया है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामला संज्ञान में आया है प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा हूं - एचएसओ संदीप मिश्रा