
पारदर्शी विकास न्यूज़ भरुआ सुमेरपुर
कस्बे की उद्योग नगरी में जेसीबी मशीन चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के डकी का डेरा बंगरा निवासी भूप सिंह जेसीबी मशीन चालक हैं। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 जून की रात वह उद्योग नगरी स्थित हनुमान मंदिर के पास खाना बना रहे थे। इसी दौरान गांव के ही राजा बाबू, मानसिंह और विक्रम वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगे।विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में भूप सिंह को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। घायल चालक ने उपचार कराने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।