
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ गंगा पुल को मरम्मत के लिए 90 दिनों तक बंद रखने के फैसले पर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने चिंता जताई है। उन्होंने कानपुर के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मरम्मत की समय-सीमा कम करने और काम में तेजी लाने की मांग की है।विधायक ने कहा कि जाजमऊ पुल कानपुर से जाजमऊ होते हुए उन्नाव आने-जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। कानपुर-उन्नाव के बीच नौकरी, रोजगार और कारोबार के लिए रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी, कामगार और श्रमिक इस मार्ग से आवागमन करते हैं। पुल बंद रहने से लोगों को वैकल्पिक रास्तों से अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और आर्थिक बोझ बढ़ेगा।अमिताभ बाजपेई ने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें 90 दिनों की मरम्मत अवधि कम करना, अतिरिक्त मैनपावर और मशीनरी लगाकर शिफ्ट बढ़ाना, रोजाना काम की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करना और प्रभावी डायवर्जन व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।विधायक के पत्र के बाद जिलाधिकारी ने मामले में NHAI अधिकारियों से बातचीत कर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बाजपेई ने कहा कि जनता विकास कार्यों का स्वागत करती है, लेकिन व्यस्त मार्ग को लंबे समय तक बंद रखने से होने वाली परेशानी को भी ध्यान में रखते हुए मरम्मत कार्य जल्द पूरा किया जाना चाहिए।