
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में अधिवक्ताओं ने युवा अधिवक्ता जागृति शुक्ला के मामले को लेकर मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की है। अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, एक करोड़ रुपये मुआवजा तथा एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की।इस दौरान पूर्व अध्यक्ष लॉयर्स एसोसिएशन पं. रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता और उनके परिवार लगातार हमलों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन कई मामलों में बिना बार संघों को सूचना दिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में अधिवक्ताओं पर हमले और गंभीर घटनाएं बढ़ी हैं, जिनमें जागृति शुक्ला का मामला भी शामिल है।अधिवक्ताओं का कहना है कि इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई जागृति शुक्ला की मौत हो चुकी है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है, जो बेहद चिंताजनक है।प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही अधिवक्ता सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि मामले को आवश्यक कार्रवाई हेतु मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।