news-details

जीबीटीसी ने सुपर 62 का किया आयोजन

You can share this post!


PARDARSHI VIKAS NEWS AYODHYA
तकनीकी साक्षरता को बढ़ावा देने एवं निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के उद्देश्य से स्वयंसेवी संस्था जीबीटीसी ट्रस्ट द्वारा जे बी ए अकादमी में प्रोजेक्ट सुपर 62 का आयोजन किया गया। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक विद्यालयों से 62 प्रतिभाशाली बच्चों का चयन किया जाता है। चयनित बच्चों को एक डिजिटल डिवाइस उपलब्ध कराई जाती है तथा उन्हें 11 महीनों तक प्रतिदिन 3 घंटे की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को कक्षा 6 से 12 तक के फ्री रेजिडेंशियल स्कूलों में प्रवेश के लिए तैयार करना है। जीबीटीसी ट्रस्ट डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर दुर्गेश कुमार शुक्ला ने बताया कि संस्था गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों के ज्ञान स्तर में सुधार कर उन्हें उनके लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि देश की अग्रणी टेक्नोलॉजी संस्थाओं के सहयोग से बच्चों को विद्या ज्ञान और नवोदय विद्यालय जैसी संस्थाओं में प्रवेश के लिए तैयार किया जा रहा है। यह कार्य संस्था की संस्थापिका किरण दीप संधू की प्रेरणा से अयोध्या जिले में पहले से संचालित है।उन्होंने आगे बताया कि जिले के लगभग 25 स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा बच्चों को 400 घंटों से अधिक की ऑनलाइन कक्षाएं प्रदान की जा चुकी हैं और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। जीबीटीसी ट्रस्ट कोरोना काल से ही प्रोजेक्ट इनेबल और सुपर 62 के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के सहयोग से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध करा रहा है।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा, ताकि देश के नौनिहाल भविष्य में राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य वी.के. जोशी ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का कार्यक्रम विद्यालय के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब एवं रोटरी क्लब के साथ-साथ जेबीटीसी के परिवार के लोग मौजूद रहे।