
PARDARSHI VIKASH NEWS लंबे इंतजार के बाद हरियाणा के रोहतक जू से 7 वर्षीय शेरनी ‘सुधा’ को इटावा सफारी पार्क लाया गया है। सोमवार तड़के सफारी पार्क की विशेष टीम शेरनी को सुरक्षित इटावा लेकर पहुंची। फिलहाल उसे लायन हाउस-1 में 21 दिनों के क्वारंटाइन में रखा गया है, जहां उसके स्वास्थ्य, खानपान और व्यवहार पर सीसीटीवी कैमरों और वन्यजीव चिकित्सकों की टीम लगातार नजर रख रही है। प्रारंभिक जांच में शेरनी पूरी तरह स्वस्थ पाई गई है और उसने भोजन भी शुरू कर दिया है।सफारी प्रशासन को उम्मीद है कि क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद शेरनी सुधा की ब्रीडिंग सफारी पार्क के बब्बर शेर सिंबा और सुल्तान के साथ कराई जाएगी, जिससे पार्क में शेरों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। रोहतक जू से शेरनी को लाने के लिए बनाई गई टीम में क्षेत्रीय वनाधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, वन्यजीव चिकित्सक डॉ. रॉबिन सिंह, कीपर आसिफ और अजय कुमार सिंह समेत पांच सदस्य शामिल रहे।उप निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि सिंबा और सुल्तान के लिए नई ब्लड लाइन की फीमेल शेरनी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। रोहतक जू प्रशासन की मांग पर इटावा सफारी पार्क से बब्बर शेर ‘अज्जू’ को वहां भेजा गया, जिसके बाद शेरनी सुधा को लाने की प्रक्रिया पूरी हुई। अधिकारियों के अनुसार सुधा पहले भी दो बार शावकों को जन्म दे चुकी है।फिलहाल इटावा सफारी पार्क में 23 बब्बर शेर और शेरनियां मौजूद हैं। सफारी प्रशासन का कहना है कि क्वारंटाइन अवधि के बाद विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार आगे की ब्रीडिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी।