
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने विवाद के दौरान पत्नी की गोद से दो बच्चों को छीनकर दीवार पर पटक दिया। इस घटना में 5 महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि 3 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है।जानकारी के अनुसार, बिहारीपुरा निवासी मोहिनी उर्फ प्रियंका राजपूत की शादी वर्ष 2023 में नारायण से हुई थी। परिजनों के मुताबिक सोमवार रात पति शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ा करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पत्नी की गोद से दोनों बच्चों को छीन लिया और उन्हें दीवार पर पटक दिया।घटना के बाद 5 महीने की बच्ची दिव्यांशी के सिर और कान में गंभीर चोट आई और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 3 साल के बेटे शिवांश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।परिजनों का आरोप है कि पति का किसी अन्य महिला से संबंध था और वह पत्नी पर तलाक का दबाव बना रहा था, जिससे लगातार विवाद हो रहा था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।