
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के आगरा-कानपुर हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पक्काबाग रेलवे ओवरब्रिज के पास तीन वाहनों की भिड़ंत में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4:10 बजे हुआ। आगरा से कानपुर जा रहे डंपर में पीछे से एक बस ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस डंपर के आगे फंसकर खड़ी हो गई और उसमें से धुआं निकलने लगा। इसके चलते यात्री नीचे उतर आए। इसी दौरान पीछे से आ रही डबल डेकर शताब्दी बस ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में सड़क पर खड़े यात्री भी आ गए।हादसे में कानपुर निवासी 40 वर्षीय सोहनलाल गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नोएडा निवासी 45 वर्षीय विवेक मिश्रा ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वहीं हादसे में शमशाद और शुभम नामक दो यात्री घायल हो गए। शुभम के पैर में गंभीर चोट आने पर उसे इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों ने आरोप लगाया कि पीछे से टक्कर मारने वाली बस का चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों बसों को कब्जे में ले लिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।