
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। रेलबाजार क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक चमड़ा कारोबारी की इलेक्ट्रिक कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में रखा करीब 20 लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते पड़ोसियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग सुरक्षित बचा लिए गए।घटना के समय कारोबारी मोहम्मद गुलजार अपने संयुक्त परिवार के साथ घर में मौजूद थे, जिसमें करीब 25 सदस्य थे। जानकारी के अनुसार, गुलजार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक निजी कार्यक्रम से लौटे थे और अपनी एमजी हेक्टर इलेक्ट्रिक कार घर की पार्किंग में खड़ी कर दी थी। कुछ ही मिनटों बाद कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गई।आग की चपेट में आने से पास खड़ी एक स्कूटी भी जल गई, जबकि पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी इलेक्ट्रिक कार को समय रहते हटा लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घर के दरवाजे तोड़कर बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।स्थानीय लोगों ने तीन घरों से पाइप लगाकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।परिवार के अनुसार, कार की सर्विस एक दिन पहले ही कराई गई थी और घटना के समय उसकी बैटरी लगभग 80 प्रतिशत चार्ज थी। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।घटना के बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने परिवार से संपर्क किया, हालांकि अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने कहा है कि तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।