
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय), वाराणसी में गुरुवार को ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के MY Bharat अभियान के तहत हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद दर्शना सिंह रहीं। उनके साथ IIT (BHU) के डीन स्टूडेंट्स अफेयर्स प्रो. राजेश कुमार, एसोसिएट डीन प्रो. मेधा झा, डॉ. देबदीप भंडारी, पूर्व क्रिकेटर नाशिर अली, जूनियर हॉकी खिलाड़ी मंगल यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी नितिश राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। स्थानीय सत्र में आयोजित ‘युवा संवाद’ में युवाओं ने खेल, फिटनेस, स्वयंसेवा और MY Bharat को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए।कार्यक्रम में भारत में खेलों के बढ़ते अवसर, खेल सुविधाओं के विस्तार और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई। समापन पर युवाओं ने ‘नशा मुक्त प्रतिज्ञा’ लेकर नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।