
Pardarshi Vikas News Lucknow
भारत में ई-स्पोर्ट्स और कौशल विकास को नई दिशा देने के लिए स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन, फिटनेस एंड लेज़र स्किल्स काउंसिल (SPEFL) ने Gosu Academy और भारत ई-स्पोर्ट्स प्रोफेशनल फेडरेशन (BEPF) के साथ रणनीतिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य युवाओं को विश्वस्तरीय ई-स्पोर्ट्स प्रशिक्षण, प्रमाणन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
समझौते पर SPEFL के CEO तहसीन ज़ाहिद, BEPF की महासचिव पंखुड़ी गुप्ता, Gosu Academy के CEO फ्रांसिस्को जेवियर और प्रतिनिधि ब्रैडेन प्लेन ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में सुश्री पंखुड़ी गुप्ता की भूमिका विशेष रूप से अहम रही। उन्होंने कहा कि ई-स्पोर्ट्स युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूत करेगा।
इस योजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में सरकारी मान्यता प्राप्त ई-स्पोर्ट्स स्किल प्रोग्राम शुरू होंगे, जिनमें युवाओं को संरचित प्रशिक्षण और प्रमाणन मिलेगा। दूसरे चरण में देशभर में आधुनिक ई-स्पोर्ट्स कौशल केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रोफेशनल कोचिंग, एनालिटिक्स और हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग दी जाएगी।
प्रतिनिधियों ने कहा कि यह समझौता भारत में औपचारिक ई-स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने, रोजगार बढ़ाने, उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और देश को वैश्विक ई-स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।