
देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर कांग्रेस सेवा दल कुशीनगर की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद और मानव सेवा का संकल्प लिया।कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता कुंदन कुमार के संयोजन में आयोजित शिविर में पूर्व प्रत्याशी मोहम्मद जहीरुद्दीन, जिला सचिव परवेज आर्यन, मोहम्मद तौसीफ, मनोज कुशवाहा, फरमान खान और कुंदन कुमार ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने इस पहल के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।इस अवसर पर कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाई जा सकती है। रक्तदान का यह छोटा-सा प्रयास किसी परिवार के जीवन में बड़ी खुशियां लौटा सकता है।कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल का मूल उद्देश्य पीड़ितों, जरूरतमंदों और वंचितों की सेवा करना है। संकट की घड़ी में लोगों की मदद करना और जीवन की रक्षा के लिए आगे आना ही सच्ची जनसेवा है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही समाज में मानवीय संवेदना और सेवा भाव को मजबूत करने का प्रयास है।