news-details

हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

You can share this post!

इब्राहिम की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद

 

 

पटहेरवा, कुशीनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र में मारपीट के दौरान इब्राहिम की मौत के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

बच्ची को लेने जाने पर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, वादिनी के चचिया ससुर नबी और चचिया सास तजरुन अपनी नतनी को लेने के लिए उसकी मां के मायके ग्राम अशोगवा बुजुर्ग के टोला रुनिहवा गए थे। वहां बच्ची को भेजने से मना करने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की गई।घटना की जानकारी मिलने पर वादिनी के पति इब्राहिम, भसुर हैदर और चचेरे ससुर शाकिर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद विपक्षियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में इब्राहिम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मौत हो गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, डंडा बरामद
पुलिस ने इस मामले में इस्लाम मंसूरी पुत्र स्वर्गीय मोहम्मदीन मंसूरी और आफताब मंसूरी उर्फ सोनू पुत्र इस्लाम मंसूरी, निवासी ग्राम अशोगवा बुजुर्ग, टोला रुनिहवा, थाना पटहेरवा, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।यह कार्रवाई मुकदमा अपराध संख्या 295/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 352, 351(3), 103(1) और 3(5) में दर्ज मामले में की गई है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह यादव, प्रियांशु राय, विशाल कुमार, कांस्टेबल नंदकिशोर शर्मा और महिला कांस्टेबल अर्चना भारती शामिल रहीं।पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।