news-details

हरीपुर में मजदूर का शव पहुंचते ही मचा कोहराम, अंतिम विदाई में उमड़े ग्रामीण

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS तारुन ब्लॉक की ग्राम पंचायत परसावा महोला के मजरे हरीपुर निवासी राम नयन कोरी (47) का शव पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को उनके घर पहुंचा। शव आते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी दयावती देवी पति का शव देखकर बेसुध हो गईं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण उन्हें संभालने में जुटे रहे। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उनके घर पहुंचे। पुत्र लवकुश, जो दिल्ली में काम करता है, पिता की मौत की सूचना मिलते ही गांव पहुंचा और शव से लिपटकर विलाप करने लगा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।राम नयन गुरुवार सुबह अपने घर के टीन शेड में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटके मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। ग्रामीणों के अनुसार राम नयन के पास करीब डेढ़ बीघा कृषि भूमि थी, लेकिन उससे पर्याप्त आय नहीं होने के कारण वह अयोध्या-फैजाबाद क्षेत्र में दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी दयावती देवी, सात वर्षीय पुत्री आंचल और पुत्र लवकुश हैं। पूरे गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा और ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।