
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने आगामी हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू से मुलाकात की। इस दौरान अभियान को सफल बनाने और संगठन स्तर पर तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित को अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए और तिरंगा यात्राओं में समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।बैठक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्य रूप देने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि कानपुर उत्तर में हर घर तिरंगा अभियान को उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और आमजन को अभियान से जोड़ा जाएगा।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को तिरंगे के सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा कानपुर उत्तर के जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित भी मौजूद रहे। संगठन पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।