
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने संगठन मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में 17 जिलों की सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में हर बूथ पर पांच महिलाओं की टोली बनाने का निर्णय लिया गया। ये टोलियां घर-घर जाकर पार्टी की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगी।कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश सह प्रभारी मेघा कुलकर्णी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक में वर्ष 2010 से अब तक महिला मोर्चा में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया।मेघा कुलकर्णी ने महिला कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत बताते हुए हर बूथ तक पहुंचने और महिलाओं से सीधा संवाद करने का आह्वान किया। सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना महिला मोर्चा की जिम्मेदारी है।राम किशोर साहू ने अनुभवी और नई कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन मजबूत करने की बात कही। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोना शुक्ला ने की। इस दौरान महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार सहित कई जनप्रतिनिधि और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।