
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी की उज्जैनियां पट्टी के 85 वर्षीय महंत संतराम दास का शनिवार सुबह साकेतवास (देहावसान) हो गया। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे हनुमानगढ़ी स्थित अपने आश्रम में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और तीन दिन पहले ही मेदांता अस्पताल से उपचार कराकर अयोध्या लौटे थे।महंत संतराम दास उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। पिछले करीब आठ माह से उनका लगातार इलाज चल रहा था। इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तीन बार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार हुआ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब भी अयोध्या दौरे पर हनुमानगढ़ी दर्शन के लिए आते थे, तब महंत संतराम दास के आश्रम भी पहुंचते थे। यहां महंत उन्हें गदा और रामनामा भेंट कर सम्मानित करते रहे हैं।महंत संतराम दास के शिष्य महंत राजू दास हैं। हनुमानगढ़ी के वरिष्ठ पुजारी महंत रमेश दास ने बताया कि महंत संतराम दास की अंतिम यात्रा शनिवार शाम 4 बजे हनुमानगढ़ी से निकलेगी और सरयू तट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से अयोध्या के संत समाज और श्रद्धालुओं में शोक की लहर है।