
PARDARSHI VIKASH NEWS हमीरपुर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नेशनल और स्टेट हाईवे पर ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर चेकिंग की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 303 वाहनों के ई-चालान किए गए। अभियान के दौरान एसडीएम सदर अभिषेक कुमार और सीओ सदर राजेश कमल ने सदर क्षेत्र में संयुक्त रूप से चेकिंग की, जबकि एसडीएम मौदहा करणवीर सिंह और सीओ राजकुमार पांडेय ने मौदहा क्षेत्र में वाहन चालकों को जागरूक किया। अधिकारियों ने लोगों से शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। साथ ही तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग करने पर सख्त चेतावनी दी गई।