
30 हजार लोगों के साथ योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बच्चों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ सेल्फी भी ली।मुख्यमंत्री आवास से सुबह करीब 9:20 बजे शुरू हुई यात्रा लगभग दो किलोमीटर का सफर तय कर विधानभवन पहुंची। देशभक्ति गीतों, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। आयोजकों के अनुसार यात्रा में करीब 30 हजार लोग शामिल हुए। स्कूली बच्चों और युवाओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। बच्चे 101 फीट लंबा तिरंगा लेकर यात्रा में आगे बढ़े।यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल समेत कई भाजपा नेता भी यात्रा में शामिल हुए। अपर्णा यादव ने कहा कि युवा पीढ़ी देश के साथ खड़ी है और भारत को श्रेष्ठ बनाने के संकल्प में भागीदारी कर रही है।यात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी पहुंचे, जहां उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों के परिजनों को सम्मानित किया। अमर शहीद अशफाक उल्ला खां के परपोते आफाक उल्ला खां समेत कई परिजनों को सम्मान मिला। कारगिल युद्ध में शहीद परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडेय के बड़े भाई को भी सम्मानित किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों का उद्देश्य देश को अंग्रेजी शासन से मुक्त कराना था। उन्होंने युवाओं से देश और समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि क्रांतिकारियों के बलिदान और राष्ट्र के गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
आज काकोरी ट्रेन एक्शन का 101वां पर्व भी है। इस अवसर पर बीजेपी द्वारा पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। मैं भारत की आजादी के लिए सर्वतः होने वाले सभी महान सपूतों को नमन करता हूं। इसके साथ मैं डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रति भी अपनी श्रद्धांजलि भी अर्पित करता हूं।-सीएम योगी