
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। चिनहट क्षेत्र स्थित नौबस्ता कला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मारुति शोरूम के सर्विस मैनेजर की मौत हो गई। 36 वर्षीय अनूप कुमार सिंह अपने ऑफिस जाते समय होटल के सामने से गुजर रहे थे, तभी दूसरी मंजिल से फेंकी गई मलबे से भरी सीमेंट की बोरी उनके सिर पर गिर गई। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर बेहोश होकर गिर पड़े।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान देवरिया निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो आईटी चौराहा स्थित मारुति शोरूम में सर्विस मैनेजर थे।पुलिस जांच में सामने आया कि होटल में निर्माण कार्य के दौरान जमी हुई सीमेंट को तोड़कर उसे बोरी में भरकर नीचे फेंका गया था, जो अनूप के सिर पर जा गिरी। इस मामले में होटल मालिक विशाल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। मृतक के परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग की है।