
कानपुर । ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ और उन्होंने हिन्दवी स्वराज की स्थापना की। इसी की याद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रतिवर्ष देश भर में हिंदू साम्राज्य दिवस के रूप में मनाता है। उक्त विचार सह नगर कार्यवाह योगेन्द्र जी ने तात्यारोपे नगर बस्ती स्थित गायत्री पार्क में आयोजित हिन्दू साम्राज्य दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि शिवाजी ने अपनी वीरता, पराक्रम व युद्ध कौशल से मुगलों को पराजित कर अनेक किले जीतकर हिन्दवी स्वराज की स्थापना की। सेवा प्रमुख धीरेन्द्र जी ने छत्रपति शिवाजी के युद्ध कौशल का वर्णन किया। अफजल खां की हत्या, शाइस्ता खां की उंगली काटने एवं आगरा के बन्दीगृह से निकलने की कहानी सुनाई। विद्यार्थी प्रमुख हर्षनन्दन जी ने शिवाजी के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। धर्मजागरण प्रमुख करुणेश जी ने कहा कि शिवाजी ने सत्ता परिवर्तन का कार्य किया। उन्होने अपनी बुद्धिमत्ता व छोटी सेना के माध्यम से 52 किलों को जीता और हिन्दू साम्राज्य की स्थापना की। इस अवसर पर अजीत मिश्रा, सन्तोष कुमार पाठक, धर्मपाल, आदित्य, आदर्श आदि मौजूद रहे।