
विधायक ने डिप्टी सीएम के सामने रखा अंडरपास का प्रस्ताव
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गोविंद नगर विधानसभा के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने हैलट अस्पताल परिसर में गंभीर मरीजों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण मांग उठाई है। मंगलवार को लखनऊ में उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर हैलट अस्पताल (एलएलआर), एलएलआर कार्डियोलॉजी संस्थान और मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल के बीच अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव सौंपा।विधायक ने कहा कि तीनों प्रमुख अस्पतालों के बीच हर दिन भारी ट्रैफिक रहता है, जिससे एम्बुलेंस और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी होती है। विशेष रूप से हार्ट अटैक और अन्य आपातकालीन मरीजों के लिए हर मिनट बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अंडरपास बनने से एम्बुलेंस का आवागमन सुगम होगा और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि यह केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि हजारों लोगों के जीवन से जुड़ा जनहित का विषय है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से मांग की कि प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर जल्द कार्य शुरू कराया जाए।मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने विश्वास जताया कि यदि यह अंडरपास बनता है तो कानपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा मरीजों और उनके परिजनों को ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।