
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार ने पड़ोसी पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जवाहर नगर पूर्वी निवासी पप्पू ने पुलिस को बताया कि रोज की तरह परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाने के बाद सो गए थे। आरोप है कि देर रात पड़ोसी बाबू छत के रास्ते घर में घुस आया और कमरे में रखी अलमारी से चार हजार रुपये नकद तथा कान, नाक और गले के लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए।परिवार के अनुसार चोरी के दौरान आहट होने पर उनकी नींद खुल गई। इस पर आरोपी दरवाजे से भाग निकला। पीड़ित ने बताया कि घर में हल्की रोशनी होने के कारण उन्होंने और उनकी बेटी ने आरोपी को पहचान लिया। घटना के बाद परिवार ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा कर रही है।घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।